मुसहर बाहुल्य गांवों में 95% पात्रों को मिला पेंशन योजनाओं का लाभ: जिलाधिकारी
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 27 Nov, 2024
- 138
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 27 नवम्बर (उत्तर प्रदेश)। महराजगंज जनपद के मुसहर बाहुल्य गांवों में सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की बड़ी उपलब्धि सामने आई है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने मीडिया से वार्ता के दौरान बताया कि जिले के 37 मुसहर बाहुल्य ग्रामों में अब तक लगभग 95 प्रतिशत पात्रों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि समाज कल्याण विभाग, प्रोबेशन और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा मुसहर जाति के परिवारों का सर्वेक्षण कराया गया। इस सर्वेक्षण में कुल 393 पात्र व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 340 पात्रों के आवेदन किए जा चुके हैं। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 210, निराश्रित महिला पेंशन के 62, दिव्यांगजन पेंशन के 9 लाभार्थी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 37 और राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 2 लाभार्थियों का आवेदन करवाया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि 35 आवेदनों की प्रक्रिया विभिन्न स्तरों पर लंबित है, जो जल्द ही स्वीकृत की जाएगी। वहीं, 18 पात्र व्यक्तियों के आवेदन कुछ कारणों से लंबित हैं, जिन्हें पूरा करने के प्रयास जारी हैं।
जिलाधिकारीअनुनय झा ने बताया कि मुसहर बाहुल्य गांवों में शासन की योजनाओं से संतृप्ति का विशेष अभियान चलाया गया। इसके सकारात्मक परिणामस्वरूप इन गांवों के लगभग सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अब वनग्रामों में रहने वाले लोगों को भी इन योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करने के लिए विशेष अभियान चलाएगा।
ग्रामीणों ने सराहा प्रयास
जनपद के निचलौल, मिठौरा, लक्ष्मीपुर, सिसवा, घुघुली और बृजमनगंज विकासखंडों के 37 मुसहर बाहुल्य गांवों में लगभग 1750 परिवार रहते हैं। इनमें से अधिकांश ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की तत्परता और पारदर्शिता से उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि यदि कोई पात्र व्यक्ति योजनाओं के दायरे से छूटा है, तो तत्काल जांच कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा।

